MP News: ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के भाई देवेंद्र तोमर का निधन, भोपाल के चिरायु अस्पताल में ली अंतिम सांस

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर।
मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के बड़े भाई और भाजपा नेता देवेंद्र तोमर का रविवार रात भोपाल के चिरायु अस्पताल में निधन हो गया। देवेंद्र तोमर को लंग्स में संक्रमण था, जिसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ग्वालियर से हैदराबाद के KIMS अस्पताल ले जाया जा रहा था। हालांकि, स्थिति बिगड़ने पर भोपाल में एयर एंबुलेंस की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और उन्हें चिरायु अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उन्होंने आखिरी सांस ली।

देवेंद्र तोमर ग्वालियर नगर निगम में तीन बार पार्षद और 2009 में परिषद के नेता प्रतिपक्ष रह चुके थे। उन्हें स्थानीय राजनीति में चाणक्य के रूप में जाना जाता था। प्रद्युम्न सिंह तोमर के राजनीतिक करियर में देवेंद्र तोमर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे चुनाव प्रबंधन और रणनीति तैयार करने में माहिर थे।

देवेंद्र तोमर ने पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के रूप में काम किया, लेकिन 2020 में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। प्रद्युम्न सिंह ने अपने भाई को अपना राजनीतिक गुरु माना।

देवेंद्र तोमर अपने परिवार में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई प्रद्युम्न सिंह तोमर वर्तमान में मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री हैं, जबकि सबसे छोटे भाई बबलू तोमर ग्वालियर में रहते हैं। देवेंद्र तोमर की एक बेटी जज हैं और बेटा रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं।

देवेंद्र तोमर की पार्थिव देह ग्वालियर लाने के बाद उनके गांव नाओली अंबाह, मुरैना में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post