Jabalpur News: संभागायुक्‍त ने की फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्‍त पुनरीक्षण की समीक्षा, दो माह में बढ़े 8 हजार 449 मतदाता

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
जबलपुर जिले में फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 29 अक्‍टूबर को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 31 दिसम्‍बर तक की स्थिति में मतदाताओं की संख्‍या में 8 हजार 449 की वृद्धि हुई है। इनमें 18 से 19 वर्ष के 5 हजार 333 युवा मतदाता भी शामिल है। यह जानकारी आज मंगलवार को संभागायुक्‍त एवं रोल प्रेक्षक अभय वर्मा की अध्‍यक्षता में कलेक्‍ट्रेट सभाकक्ष में फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्‍त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2025 की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में दी गई। 

बैठक में कलेक्‍टर व जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सक्‍सेना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्‍द्र सिंह तथा सभी निर्वाचक रजिस्‍ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्‍ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्‍त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 29 अक्‍टूबर को हुए प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के समय जिले में कुल मतदाताओं की संख्‍या 19 लाख 02 हजार 058 थी, जो 31 दिसम्‍बर की स्थिति में बढ़कर 19 लाख 10 हजार 507 हो गई है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जहां जेंडर रेशियो 970 से बढ़कर 972 हो गया है, वहीं जिला का ईपी रेशियो भी 67.33 से बढ़कर 67.63 हो गया है।

संभागायुक्‍त एवं रोल प्रेक्षक वर्मा ने बैठक में मतदाताओं की संख्‍या में विधानसभावार हुई वृद्धि की जानकारी ली। उन्‍होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान प्राप्‍त दावे एवं आपत्तियों के निराकरण की समीक्षा भी की। बैठक में संभागायुक्‍त को बताया गया कि जबलपुर जिले का ईपी रेशियो प्रदेश के औसत ईपी रेशियो 64.41 से 3.22 अधिक है। इसी प्रकार जिले का जेंडर रेशियो भी प्रदेश के औसत जेंडर रेशियो से 945 से कहीं अधिक है। जबलपुर जिला का जेंडर रेशियो 31 दिसम्‍बर की स्थिति में 972 हो गया है।
 
बैठक में बताया गया कि मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्‍त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद से 31 दिसम्‍बर तक की स्थिति में जिले के विधानसभा क्षेत्र पाटन में 1 हजार 699, बरगी में 1 हजार 841, जबलपुर पूर्व में 913, जबलपुर उत्‍तर में 973, जबलपुर केंट में 808, जबलपुर पश्चिम में 979 एवं विधानसभा क्षेत्र सिहोरा में 1 हजार 337 मतदाता बढ़े हैं, वहीं विधानसभा क्षेत्र पनागर में 97 मतदाता कम हुए हैं। इसी प्रकार प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से लेकर 31 दिसम्‍बर तक की स्थिति में 18 से 19 वर्ष की आयु के युवा मतदाताओं में हुई वृद्धि में विधानसभा क्षेत्र पाटन में 1 हजार 008, बरगी में 792, जबलपुर पूर्व में 625, जबलपुर उत्‍तर में 607, जबलपुर केंट में 533, जबलपुर पश्चिम में 538, पनागर में 574 एवं विधानसभा क्षेत्र सिहोरा में 656 युवा मतदाता बढ़ गये है। 

ज्ञात हो कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्‍त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के तहत 29 अक्‍टूबर को जिले के सभी मतदान केन्‍द्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था तथा 28 नवम्‍बर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम विलोपित कराने एवं नाम में संशोधन कराने आम नागरिकों से दावे-आपत्तियां आमंत्रित की गई थी। प्रारूप मतदाता सूची में प्राप्‍त दावे-आपत्तियों का निराकरण 24 दिसम्‍बर तक किया गया था। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्‍त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी को किया जायेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post