दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के साकार अपार्टमेंट चौथापुल गोरखपुर निवासी 70 वर्षीय मसूद हुसैन खान सोशल मीडिया के जाल में फंसकर 53 लाख रुपये गंवा बैठे। घटना की रिपोर्ट थाना क्राइम ब्रांच में दर्ज की गई है, जो इस थाने में दर्ज पहली एफआईआर है।
थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा ने बताया कि तीन महीने पहले मसूद हुसैन खान ने फेसबुक पर एक मैरिज ब्यूरो का विज्ञापन देखा। विज्ञापन के जरिए उन्हें एक महिला का संपर्क नंबर मिला, जिसने खुद को लंदन निवासी सोनम यादव बताया। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ।
कुछ समय बाद सोनम ने बताया कि वह लंदन से दिल्ली आ रही है और अपने साथ गोल्ड और डॉलर भी ला रही है। उसने मसूद को गिफ्ट देने का झांसा दिया। बाद में सोनम ने फोन कर बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उसके पास 55 लाख रुपये की संपत्ति होने के कारण उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे छुड़ाने के लिए उसने पैसे मांगे।
मसूद ने पहली बार पैसे ट्रांसफर कर दिए, जिसके बाद सोनम और उसकी गैंग ने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब मसूद ने पैसे देने से इनकार किया, तो एक व्यक्ति ने खुद को सीबीआई अधिकारी राहुल बताकर धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए, तो उन्हें बदनाम कर दिया जाएगा। डर के कारण मसूद ने अलग-अलग 29 बैंक खातों में कुल 53 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
लगातार धमकियों के कारण मसूद तनाव में रहने लगे। उनकी पत्नी ने उन्हें हिम्मत दिलाई और पूरी घटना पुलिस को बताने के लिए राजी किया। इसके बाद उन्होंने क्राइम ब्रांच थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इन्होंने कहा
यह क्राइम ब्रांच थाने में दर्ज पहली एफआईआर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहराई से जांच शुरू कर दी है। सोनम यादव और उसकी गैंग के सदस्यों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सम्पत उपाध्याय , पुलिस अधीक्षक
