दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कड़ाके के जाड़े में शहर जकड़ गया। घने कोहरे ओस की बूंदों के बीच चलने वाली बर्फीली हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई। तापमान मे लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले चार दिनों से शहर में शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। गर्म कपड़ों और अलाव के सहारे लोग शीतल बयारों से अपना बचाव कर रहे हैं। इस सीजन में पहली बार रविवार को पारा 4 डिग्री पर आ गया था वहीं पिछले दो दिनों से पारा 5 डिग्री पर स्थिर हैं। जबकि शहर से दूर जंगली इलाके खमरिया, खुले पहाड़ी क्षेत्र कजरवारा आदि में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। रात तो रात, दिन में भी सर्द हवाएं ठिठुरने विवश कर रही हैं।
स्कूली बच्चों की आफत
कड़के की ठण्ड से जन-जीवन प्रभावित है। रात में सड़कें जल्दी सूनी हो जातीं हैं और दिन देर से होता है। कड़के की ठण्ड में सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों की मुसीबत हो रही है। अभी कुछ शालाएं 8और 8.30 बजे लग रही है जबकि जिला प्रशासन ने सुबह 9बजे के पहले शालाओं का संचालन नहीं करने के निर्देश दिए है| लिहाजा अब स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की जा रही है| सुबह 8 बजे भी घना कोहरा और कड़के की सर्द रहती है| मिडिल व प्रायमरी के अलावा किड्स जोन प्ले नर्सरी स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की जा रही है|
ये रहे मौसम के हाल
उधर दूसरी ओर स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रवक्ता ने ईएमएस को बताया कि देश के उत्तरी भागों में हुये हिमपात के कारण उत्तर दिशा से 3 से 4 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बर्फीली हवायें चल रही हैं। इन सर्द हवाओं की चुभन से सिहरन पैदा हो रही है। जबकि तापमान निरंतर नीचे लुढ़क रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान शहर का अधिकतम तापमान 25.01 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य रहा। इसी तरह न्यूनतमन तापमान 05.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। हवा में नमी प्रातःकाल 77 प्रतिशत, सायंकाल 51 प्रतिशत आंकी गई। प्रदेश में सबसे कम 1.6 डिग्री सेल्सियस तापमान पचमढ़ी में दर्ज किया गया। अगले 24 घण्टों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 23.5 और न्यूनतम तापमान 10.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।