दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आम जनता की शिकायतों के शीघ्र निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर में मंगलवार को जन सुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में इस जन सुनवाई में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कई शिकायतकर्ता अपनी समस्याओं के समाधान हेतु पहुंचे।
उपाध्याय ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और त्वरित वैधानिक कार्यवाही का आश्वासन दिया। जन सुनवाई में कुल 61 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकतर मामले पति-पत्नी विवाद, पारिवारिक झगड़े, जमीन संबंधी विवाद, मारपीट और साइबर फ्रॉड से जुड़े थे।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जन सुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आनंद कलादगी (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सोनाली दुबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात प्रदीप कुमार शेण्डे और उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं।
सम्पत उपाध्याय के निर्देशानुसार जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, शहर और देहात के थानों एवं चौकियों में भी जन सुनवाई आयोजित कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।