Jabalpur News: एक बार फिर सुर्खियों में आया श्रीराम कॉलेज....!

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। श्रीराम कॉलेज एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अब की बार अवैध फीस वसूली की शिकायत वापस लेने के लिए छात्रों पर दबाव बनाने और उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मप्र छात्र संघ (एमपीएसयू) के अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने आरोप लगाया है कि कल छात्रों को डंडे के बल पर खदेड़ा गया और उसके बाद जब छात्र परीक्षा देने पहुंचे तो उनके साथ रॉड व लाठी से मारपीट की गई| एक छात्र के सिर पर चोटें आई है तो दूसरे के पीठ पर लाठी के निशान दिखाई दे रहे है।

घटना की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद भी माढ़ोताल पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं किये| छात्रों का आरोप है कि कॉलेज शासन द्वारा निर्धारित फीस से अधिक वसूल रहा है। जब छात्र विरोध कर रहे हैं, तो उनके साथ गुंडागर्दी की जा रही है। छात्रों का कहना है कि शुक्रवार को जब वे परीक्षा देने पहुंचे, तो उन्हें परीक्षा से रोका गया और मारपीट कर भगा दिया गया। इसके बाद छात्रों ने मढ़ाताल थाने में शिकायत की, लेकिन वहां भी उनकी सुनवाई नहीं हुई।

मध्य प्रदेश छात्र संगठन के अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने बताया कि कॉलेज में बीफार्मा के प्रति सेमेस्टर 19 हजार 500 रुपए फीस निर्धारित है|  संजीवनी नगर निवासी बीफार्मा के तृतीय वर्ष के छात्र धीरज शर्मा से एक साल पहले 30 हजार रुपये फीस की मांग की गई थी, जब धीरज ने इस बारे में सवाल किया, तो प्रबंधन ने उसे भगा दिया। अवैध फीस वसूली की शिकायत छात्र ने एक वर्ष पहले माढ़ोताल थाने में की थी, लेकिन प्रबंधन उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहा था।

शुक्रवार को जब छात्र परीक्षा देने पहुंचे, तो स्कूल के फैकल्टी और स्टाफ ने छात्रों के साथ मारपीट की और उन्हें भगा दिया, जिसमें छात्रों को चोटें आईं। घटना की सूचना पर मध्य प्रदेश छात्र संगठन के पदाधिकारी और अन्य छात्र मौके पर पहुंचे। सभी छात्र माढोताल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। अभिषेक पांडे ने कहा कि यदि पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो संगठन आंदोलन करेगा और छात्र हित में संगठन हमेशा साथ खड़ा रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post