Jabalpur News: सिक्योरिटी गार्ड्स की हैवानियत, युवक की हत्या कर जलाया शव ; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। निजी प्रिंटिंग प्रेस बिल्डिंग में तैनात दो सुरक्षा कर्मियों ने 35 वर्षीय युवक की लोहे की रॉड से हत्या कर शव को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया।

यह घटना एक बंद पड़ी प्रिंटिंग प्रेस बिल्डिंग की है, जिसकी सुरक्षा के लिए बैतूल निवासी हेमराज सरिया और डिंडौरी निवासी ज्ञानी सिंह ठाकुर को तैनात किया गया था। मृतक विकास पटेल पास में पान की दुकान चलाता था। विकास और दोनों सुरक्षा कर्मियों के बीच पिछले कुछ महीनों से दोस्ताना संबंध थे, और वे अक्सर साथ में शराब पीते थे।

घटना वाली रात भी तीनों ने शराब पी। नशे में किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में हेमराज और ज्ञानी ने लोहे की रॉड से हमला कर विकास की हत्या कर दी।

हत्या के बाद दोनों ने शव को बिल्डिंग के अंदर ले जाकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटें और धुआं देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सीएसपी पंकज मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या की मुख्य वजह आपसी विवाद है। मृतक विकास पटेल आपराधिक प्रवृत्ति का था और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। 

Post a Comment

Previous Post Next Post