MP News: भोपाल में बेटे के पहले जन्मदिन से पहले महिला ने की खुदकुशी

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। ईंटखेड़ी में रहने वाली अंगूरी अहिरवार (25) ने शनिवार शाम 4:30 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अगले दिन उनके बेटे का पहला जन्मदिन था। घटना के बाद महिला के भाई ने ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

अंगूरी की शादी ढाई साल पहले जितेंद्र अहिरवार से हुई थी। उनका मायका सीहोर जिले के दोराहा में है। अंगूरी बीए ग्रेजुएट थीं और संविदा शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रही थीं। पति और पिता दोनों किसानी करते हैं।

अंगूरी के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि ससुराल में उन्हें हर छोटी-बड़ी बात पर टॉर्चर किया जाता था। बिना अनुमति बरामदे में भी नहीं जाने दिया जाता था। खाना बनाने से लेकर अन्य घरेलू कामों में सास और पति हमेशा कमी निकालते थे। शुक्रवार को ही वह 17 दिन मायके में रहने के बाद ससुराल लौटी थीं।

अंगूरी ने बेटे कान्हा का पहला जन्मदिन धूमधाम से मनाने की योजना बनाई थी। मायके वालों को भी बुलाया था। लेकिन जन्मदिन से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने आत्महत्या कर ली।

एएसआई जितेंद्र उईके ने बताया कि फिलहाल मामला नवविवाहिता की मौत का है, इसलिए आगे की जांच एसडीओपी मंजू चौहान करेंगी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मायके पक्ष के बयान दर्ज करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post