दैनिक साध्य बन्धु जबलपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आज पुण्यतिथि पर शासन-प्रशासन, राजनीतिक दलों द्वारा उन्हे विनम्र श्रद्धांजलि दी जा रही है। इस क्रम में जहां कांग्रेस द्वारा आज सुबह टाउन हॉल स्थित प्रतिमा स्थली पहुंच माल्यापर्ण किया गया और एक संगोष्ठी आयोजित कर पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा टाउन हॉल से करमचंद चौक होते हुए वापस टाउन पहुंच कर समाप्त हुई।
उधर कलेक्टर कार्यालय, नगर-निगम, पुलिस सहित सभी सरकारी विभागों में सुबह ग्यारह बजे हुटर बजते ही दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कलेक्ट्रेट में अपर कलेक्टर नाथूराम गौंड सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारियों ने मौन रखा। शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा के बाद संगोष्ठी में महात्मा गांधी जी के सत्याग्रह और अहिंसा के सिद्धांतों को याद करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
राजीव गांधी पंचायती राज मध्य प्रदेश के प्रभारी सीताराम लांबा जी एवं प्रदेश अध्यक्ष मोना कौरव भी उपस्थित हैं। इसके अतिरिक्त कांग्रेस सेवादल, महिला कग्रिस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, बाल कांग्रेस विंग/विभाग और समस्त प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी शामिल हुए हैं। विधायक लखन घनघोरिया ने कहा गोडसेवादी ताकतें आज फिर देश में सिर उठा रही हैं लेकिन वो नहीं जानतीं कि व्यक्ति को मारा जा सकता है विचार और आत्मा को नहीं मारा जा सकता। गांधी एक व्यक्ति नहीं विचार हैं।
गांधी शांति है, क्रांति है, विचार है, आत्मा है, कुल मिला कर आत्मा को शरीर से अलग नहीं किया जा सकता उसी तरह देश में महात्मा गांधी का स्थान है। हम सब मिल कर आज इस संकल्प को दोहरा रहे हैं कि महात्मा गांधी के मार्गदर्शन में बाबा साहेब द्वारा जो संविधान देश को दिया गया है उस संविधान को बचाना हमारी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कौशल्या गोटिया, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, झलकेलाल जैन,भगत राम सिंह, चमन पासी, राजेश यादव, विवेक अवस्थी, प्रवेंद्र चौहान, रामदास यादव, राजेश यादव, रम्बल विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।