दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शुक्रवार रात जबलपुर के विजय नगर इलाके में हुए हिट एंड रन हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कार ने पहले एक अन्य गाड़ी को टक्कर मारी और फिर भागने की कोशिश में 6 राहगीरों को कुचल दिया। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस जांच में पता चला कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी डॉक्टर संजय पटेल वही व्यक्ति है, जो चंडाल भाटा क्षेत्र में हुए लाईफ मेडिसिटी अस्पताल अग्निकांड का मुख्य आरोपी था। वह उस मामले में जमानत पर बाहर था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे डॉक्टर संजय पटेल ने विजय नगर एसबीआई चौक पर अपनी तेज रफ्तार कार से एक दूसरी गाड़ी को टक्कर मारी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित हो गई और उसकी चपेट में 6 राहगीर आ गए। घायलों में माढोताल बर्फानी नगर निवासी मुन्नी बाई और रविशंकर दुबे की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायल, आनंद सिंह, दीपा शुक्ला, वैशाली नामदेव और मोहित शर्मा का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद आरोपी संजय पटेल ने भागने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और सड़क पर और भी लोगों को चपेट में ले लिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।
पुलिस ने संजय पटेल को गिरफ्तार कर लिया है और जांच कर रही है कि घटना के समय वह नशे में था या नहीं। गाड़ी के दस्तावेज और अन्य कानूनी पहलुओं की भी जांच जारी है।
डॉक्टर संजय पटेल का नाम इससे पहले लाईफ मेडिसिटी अस्पताल अग्निकांड में सामने आया था, जिसमें कई लोगों की जान गई थी। वह उस मामले में जमानत पर बाहर था। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।
Tags
jabalpur