News Update: आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के प्रथम समाधि स्मृति समारोह पर केंद्र सरकार जारी करेगी 100 रुपए का सिक्का

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। केंद्र सरकार ने श्रमण संस्कृति के महान संत आचार्य विद्यासागर जी महाराज के प्रथम समाधि दिवस पर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। वित्त मंत्रालय ने 31 जनवरी को गजट नोटिफिकेशन जारी कर ₹100 का विशेष स्मारक सिक्का जारी करने की घोषणा की है। इस निर्णय से इंदौर सहित पूरे जैन समाज में हर्ष का माहौल है।

जैन समाज के लिए गौरव का क्षण

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने इस फैसले को जैन समाज के लिए गर्व का विषय बताया। यह सिक्का 6 फरवरी को आचार्यश्री के प्रथम समाधि स्मृति दिवस पर जारी किया जाएगा। यह पहली बार है जब किसी जैन संत के सम्मान में भारत सरकार इस तरह का विशेष सिक्का जारी कर रही है।

कैसा होगा यह विशेष सिक्का?

यह सिक्का 44 मिलीमीटर व्यास का वृत्ताकार होगा।

मिश्र धातु में 50% चांदी, 40% तांबा, 5% निकल और 5% जस्ता होगा।

अग्रभाग: इसमें अशोक स्तंभ का चिह्न होगा, जिसके नीचे ‘सत्यमेव जयते’ लिखा रहेगा।

परिधि पर देवनागरी में ‘भारत’ और अंग्रेजी में ‘INDIA’ अंकित होगा।

₹100 का अंकन सिक्के के निचले भाग में रहेगा।

आचार्य विद्यासागर जी महाराज की छवि होगी अंकित

पृष्ठ भाग: आचार्यश्री का चित्र अंकित रहेगा।

चित्र के बाईं ओर कमंडल और दाईं ओर पिच्छी का चित्रांकन होगा।

ऊपरी परिधि पर देवनागरी और अंग्रेजी में लिखा होगा –

‘संत शिरोमणि दिगंबर जैनाचार्य विद्यासागर महामुनिराज’

धर्म और संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रतीक

यह सिक्का भारत सरकार की ओर से जैन संतों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। जैन समाज ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। यह सिक्का आने वाली पीढ़ियों के लिए धर्म और संस्कृति की अमूल्य धरोहर बनेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post