दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सोमवार रात एक डायल 100 चालक पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब चालक अपने घर के बाहर टहल रहा था। हमले के बाद आरोपी राजू टेढ़ी मौके से फरार हो गया। चाकू चालक के कमर के पास लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अस्पताल में भर्ती
घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मुखबिरी के शक में किया हमला
पुलिस के अनुसार, घायल युवक विवेक बीते तीन वर्षों से रांझी थाने की डायल 100 चला रहा है। आरोपी पप्पू टेढ़ी, जो अवैध शराब का धंधा करता है, को शक था कि विवेक ही उसकी सूचना पुलिस को देता है। कुछ समय पहले पुलिस ने उसे अवैध शराब के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तभी से वह बदले की फिराक में था।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
रांझी थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि हमलावर की पहचान पप्पू टेढ़ी के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।