Morena News: युवक की गोली मारकर हत्या, गुस्साए लोगों ने हाईवे किया जाम

दैनिक सांध्य बन्धु मुरैना। सरपंची चुनाव के विवाद में बदमाशों ने एक युवक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। घटना के बाद नाराज लोगों ने हाईवे पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

सरेआम बरसाईं गोलियां, मौके पर ही मौत

वारदात शुक्रवार शाम करीब 6 बजे सिलायथा गांव में हुई। मृतक ध्रुव यादव (किसान) पंचायत भवन के पास खड़ा था, तभी मुख्य आरोपी श्याम गोसाई और राकेश शर्मा अपने साथियों के साथ पहुंचे और कहासुनी के बाद उस पर गोली चला दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

गुस्साए लोगों ने किया हाईवे जाम

युवक की हत्या से नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब 20 किमी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग एसपी समीर सौरभ को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी जगह जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव पहुंचे और सभी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद रात 12 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें

सिविल लाइन थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला को हटाया जाए।

आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके घर तोड़े जाएं।

गांव में शस्त्र लाइसेंस दिए जाएं।

आरोपियों पर इनाम और लाइसेंस रद्द

एसपी समीर सौरभ ने हत्या में शामिल पांच आरोपियों पर 5-5 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। वहीं, राकेश शर्मा, राजकिशोर और रामसेवक के शस्त्र लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। पुलिस ने रामकिशोर शर्मा, राकेश शर्मा, मुकेश शर्मा, श्याम सुंदर शर्मा और रामकिशोर शर्मा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

सरपंच चुनाव बना हत्या की वजह

मुरैना SDOP दीपाली चंदौरिया के अनुसार, हत्या का मुख्य कारण सरपंची चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश थी। श्याम गोसाई इलाके का दबंग है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने ही राकेश शर्मा के साथ मिलकर ध्रुव यादव को गोली मारी थी।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कह रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post