दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भारत-पाक तनाव के बीच जबलपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिले में आपदा प्रबंधन को लेकर शनिवार को कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में सिविल डिफेंस से जुड़ी अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसपी संपत उपाध्याय, नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत सहित कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
सिविल डिफेंस वालंटियर्स की भर्ती और प्रशिक्षण प्रारंभ
कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में सिविल डिफेंस प्लान तैयार कर लिया गया है, जिसे सभी संबंधित विभागों के साथ साझा किया जाएगा। इसी क्रम में सिविल डिफेंस वालंटियर्स की भर्ती और उनका प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है। जल्द ही इन वालंटियर्स को आपदा प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
ड्रोन संचालन पर लगेगा प्रतिबंध
बैठक में ड्रोन उड़ाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही ड्रोन संचालन पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी करेगी। सुरक्षा के मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है।
अस्पताल अलर्ट, छुट्टियां रद्द
जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अस्पतालों की छतों पर रेड क्रॉस चिन्ह लगाने, दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और बैड्स की संख्या की जानकारी अपडेट रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही नागरिक सेवाओं से जुड़े विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।
बैठक में राजस्व, पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पीएचई, ऊर्जा, जल संसाधन, महिला बाल विकास, खाद्य आपूर्ति, अग्निशमन, निर्माण, अतिक्रमण, सीडीपीओ, सीएमओ, होटल, लॉज, ट्रेवल्स एजेंसी, साइबर कैफे समेत अनेक विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।