दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भारतीय रेलवे की वंदे भारत ट्रेन अब और भी आरामदायक हो गई है। जबलपुर रेल मंडल ने एक खास डिवाइस विकसित की है जो ट्रेन के चलने के दौरान पटरियों पर आने वाले कंपन को मापती है और उससे पहले ही समस्या की पहचान कर लेती है, जिससे यात्रियों को झटके महसूस नहीं होते। यह डिवाइस ‘एक्स्लेरोमीटर’ आधारित है और इसे वंदे भारत ट्रेन के कोच के फर्श पर रखा जाता है।
इस इनोवेशन से यात्रियों की यात्रा पहले से अधिक स्मूद हो गई है। पहले रेलवे के पास कोई ऐसा उपकरण नहीं था जो चलती ट्रेन में कंपन को माप सके, लेकिन अब यह डिवाइस कोच के व्हील्स और सस्पेंशन की स्थिति का समय रहते आंकलन कर सुधार के उपाय निकालती है।
डिवाइस की खास बात यह है कि इसे जबलपुर रेल मंडल के मैकेनिकल इंजीनियरों ने एक महीने में तैयार किया। प्रारंभिक रूप से इसका परीक्षण रीवा-रानी कमलापति और रानी कमलापति-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेनों में हुआ। छह महीने के सफल ट्रायल के बाद रेलवे बोर्ड को इसकी रिपोर्ट भेजी गई है और अब इसे अन्य ट्रेनों में भी इस्तेमाल करने की योजना है।इस डिवाइस की मदद से ट्रेन कोच में व्हील शेलिंग जैसी तकनीकी समस्याओं की भी शुरुआत में ही पहचान हो जाती है जिससे समय रहते सुधार संभव हो पाता है। मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के निर्देशन में यह परियोजना शुरू हुई थी और अब यह भारतीय रेल के लिए एक उदाहरण बन चुकी है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा के अनुसार, “यह नवाचार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। इससे ट्रेनें समय पर चलेंगी और सफर भी सुगम होगा।”
Tags
jabalpur