जबलपुर, रांझी।कुख्यात बदमाश राजा सोनकर के जेल से छूटते ही रांझी इलाके में शक्ति प्रदर्शन का नजारा देखने को मिला। राजा के साथियों ने देर रात बिना अनुमति बापू नगर से दर्शन चौक तक आतिशबाजी के साथ जुलूस निकाला, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है। अब तक 50 से अधिक युवकों पर मामला दर्ज किया गया है, वहीं 3 नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी राजा सोनकर फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
9 साल बाद जेल से रिहा हुआ राजा सोनकर
राजा सोनकर वर्ष 2016 में हुए एक जघन्य हत्याकांड में आरोपी था। उसने अपने पिता अशोक सोनकर के साथ मिलकर सुभाष चंद्र सोनकर की हत्या कर दी थी। रांझी पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, धमकी, मारपीट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया था। राजा बीते 9 वर्षों से जेल में बंद था और हाल ही में हाईकोर्ट से सशर्त जमानत मिलने के बाद गुरुवार देर शाम जेल से रिहा हुआ।
बिना अनुमति निकाला गया जुलूस, पुलिस को भनक लगते ही भगदड़
जेल से छूटते ही राजा सीधे अपने रांझी स्थित घर पहुंचा, जहां उसका स्वागत बड़े भाई अजय उर्फ विवेक सोनकर और अन्य साथियों ने किया। इसके बाद सैकड़ों युवकों के साथ रांझी दर्शन तिराहे से बापूनगर तक आतिशबाजी और नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला गया। देर रात अचानक हुए इस प्रदर्शन से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो जुलूस में शामिल युवक भाग खड़े हुए।
50 से ज्यादा पर मामला, 6 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, जुलूस के आयोजन की कोई अनुमति नहीं ली गई थी। मामला गंभीरता से लेते हुए राजा सोनकर, उसके भाई विवेक सोनकर, अनुज ठाकुर, अभिषेक चौधरी, हर्ष राजपूत समेत 50 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से अनुज, अभिषेक और हर्ष को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब राजा की जमानत निरस्त कराने के लिए कोर्ट का रुख करेगी।