दैनिक सांध्य बन्धु वॉशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और 2024 के संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प ने विदेशी फिल्मों पर बड़ा हमला बोला है। ट्रम्प ने रविवार रात अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर ऐलान किया कि अमेरिका में रिलीज होने वाली विदेशों में बनी फिल्मों पर 100% टैरिफ लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हॉलीवुड को बचाने के लिए यह जरूरी कदम है, क्योंकि यह अमेरिका की सांस्कृतिक ताकत और सॉफ्ट पावर का केंद्र है।
ट्रम्प ने विदेशी फिल्मों पर आरोप लगाया कि वे अमेरिका में प्रोपगेंडा फैला सकती हैं और इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा है। उन्होंने अमेरिकी वाणिज्य विभाग को इस फैसले को लागू करने के आदेश भी दे दिए हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह टैरिफ कैसे और किन शर्तों के तहत लागू होगा, क्योंकि आजकल अधिकतर फिल्में बहु-देशीय सहयोग से बनती हैं।
अमेरिका में फिल्म प्रोडक्शन में पिछले कुछ वर्षों में भारी गिरावट आई है। 2021 की तुलना में 2023 तक फिल्म निर्माण में 26% की कमी आई है। लॉस एंजेलिस जैसे शहर, जो हॉलीवुड का गढ़ माने जाते हैं, इससे गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं।
ट्रम्प इससे पहले भी कई बार कह चुके हैं कि वे हॉलीवुड को फिर से वैश्विक शक्ति बनाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने मेल गिब्सन, जॉन वॉइट और सिल्वेस्टर स्टैलोन जैसे सितारों को स्पेशल एंबेसडर नियुक्त किया है।
हॉलीवुड दशकों से अमेरिकी संस्कृति का वाहक रहा है। स्पाइडरमैन, टाइटैनिक, गॉडफादर और एवेंजर्स जैसी फिल्में सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अमेरिका की पहचान बन चुकी हैं। 2023 में अमेरिकी फिल्मों ने दुनियाभर में 22.6 अरब डॉलर की कमाई की थी और 15.3 अरब डॉलर का ट्रेड सरप्लस दिया।
हालांकि हाल के वर्षों में हॉलीवुड को कोविड-19, यूनियन स्ट्राइक, जंगल की आग और बढ़ती प्रोडक्शन कॉस्ट जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में ट्रम्प का यह नया फैसला अमेरिकी फिल्म उद्योग को घरेलू बढ़त दिलाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।