दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत आईटीआई कॉलेज के सामने रविवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्राला ने स्कूटी से जा रही दो युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि सड़क पर गिरते ही एक युवती की गर्दन धड़ से अलग हो गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में दूसरी युवती को मामूली चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृत युवती की पहचान सुमन भवेदी के रूप में
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृत युवती की पहचान सुमन भवेदी निवासी डिंडोरी के रूप में हुई है। वह शादी-विवाह कार्यक्रमों में वेटर का काम कर जीवन यापन करती थी। स्कूटी पर उसके साथ सवार युवती का नाम राखी मरावी बताया गया है।
ड्राइवर और सहयोगी हिरासत में
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ट्राला चालक राजेंद्र सिंह निवासी मथुरा एवं उसके सहयोगी को ट्राला सहित हिरासत में ले लिया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाया है। वहीं घायल युवती का उपचार जारी है।
Tags
jabalpur

