दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। रायसेन में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार ट्रक पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूसरे ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव केबिन में बुरी तरह फंस गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव केबिन में फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद मौके पर JCB मशीन बुलाई गई, जिसकी मदद से ट्रक के केबिन को काटकर चालक का शव बाहर निकाला गया। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हादसा नेशनल हाईवे-45 पर नागिन मोड़ के नीचे बाबा जी ढाबा के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक ड्राइवर की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर ट्रैफिक जाम रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।
Tags
madhya pradesh
