MP News: नशे में धुत महिलाओं का हंगामा, बच्चा चोरी के शक में भीड़ ने पीटा, पुलिस थाने ले गई, वीडियो वायरल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। शनिवार देर रात ग्वालियर में नशे में धुत दो महिलाओं ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। बच्चा चोरी के शक में स्थानीय लोगों ने दोनों महिलाओं की पिटाई कर दी। यह घटना झांसी रोड थाना क्षेत्र के नाका चंद्रवानी इलाके की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं शराब के नशे में सड़क पर बैठकर उपद्रव कर रही थीं। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर बच्चा चोरी का आरोप लगा दिया, जिसके बाद भीड़ भड़क गई और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। यह हंगामा करीब एक घंटे तक चलता रहा।

सूचना मिलने पर झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों महिलाओं को पकड़कर थाने ले गई। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर मौजूद एक युवक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे रविवार को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। वीडियो अब वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, महिलाओं के नशे में हंगामा करने की सूचना स्थानीय लोगों ने दी थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बच्चा चोरी के शक में उनके साथ मारपीट भी की गई है। फिलहाल दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। नशा उतरने के बाद उनसे विस्तृत जानकारी ली जा रही है। अभी तक दोनों महिलाओं के नाम और पते की पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी स्थिति की पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post