Jabalpur News: सिहोरा विवाद में अब तक 61 उपद्रवी गिरफ्तार, धरपकड़ जारी ;48 घंटे बाद हालत सामान्य

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले की सिहोरा तहसील में दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान साउंड को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नियंत्रण में है। 48 घंटे बाद हालात सामान्य हो गए हैं। दुकानें खुल चुकी हैं और आम जनजीवन पटरी पर लौट आया है। गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे इलाके में तनाव फैल गया था।

प्रशासन के अनुसार पूरे मामले में अब तक 5 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और कुल 61 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। घटना वाली रात 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अगली रात 12 और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।

200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

विवाद के बाद एहतियातन सिहोरा में 200 से अधिक पुलिसकर्मी और वरिष्ठ अधिकारी तैनात किए गए हैं। वार्ड नंबर 5 सहित संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर हालात की समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

बाजार में लौटी रौनक, परीक्षार्थियों को पुलिस सुरक्षा

अधिकारियों के मुताबिक स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। रविवार को बाजार और बस स्टैंड पर चहल-पहल देखी गई। बोर्ड परीक्षार्थियों को पुलिस सुरक्षा में उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

एसपी बोले- लगातार कार्रवाई जारी

एसपी संपत उपाध्याय ने कहा, “अब सिहोरा में पूरी तरह शांति है। बाजार खुल चुके हैं और लोग सामान्य रूप से अपने काम कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है। 2 एडिशनल एसपी और 3 डीएसपी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। गुरुवार रात हुई घटनाओं में आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जा रहा है। वरिष्ठ और सम्मानित नागरिकों के साथ लगातार बैठक कर हालात पर नजर रखी जा रही है।”

यह है पूरा मामला

जबलपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर सिहोरा में गुरुवार रात दुर्गा मंदिर और मस्जिद के बीच आरती-अजान के समय साउंड को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया। पथराव और मारपीट के बाद इलाके में कर्फ्यू जैसे हालात बन गए थे।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मंदिर में आरती और मस्जिद में अजान एक ही समय पर हो रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो झड़प में बदल गई। आरोप है कि मस्जिद की ओर से 50 से 70 युवकों की भीड़ बाहर आई, जिससे विवाद और बढ़ गया। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post