Jabalpur News: रसल चौक बना छावनी, आमने-सामने आने से पहले रोके गए भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दिल्ली में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस की युवा इकाई द्वारा किए गए कथित अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में रविवार को जबलपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रसल चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किया गया यह कृत्य देश को शर्मसार करने वाला है। उन्होंने कहा कि देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली इस घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं और महिला मोर्चा भी पूरी मजबूती से साथ खड़ा है। इस दौरान रसल चौक पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही बैरिकेट्स लगाकर पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया था। इस अवसर पर रूपा राव, अर्चना अग्रवाल, आस्मिता सिंह, प्रतिभा भापकर, लवलीन आनंद, मधुबाला राजपूत, कविता रैकवार, कृष्णा दास चौधरी, लक्ष्मी जय चक्रवर्ती, विभा उपाध्याय आदि उपस्थित रहीं।

कांग्रेस ने किया जवाबी प्रदर्शन, मोदी का पुतला दहन


भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी के पुतले को साड़ी पहनाकर दहन किया और जमकर नारेबाजी की। हालांकि पुलिस की सख्ती के चलते भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने नहीं आ सके। पुलिस ने दोनों पक्षों को रसल चौक से पहले ही रोक दिया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा का कहना था कि भाजपा मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के प्रदर्शन करा रही है, जबकि देश में महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे अहम मुद्दे मौजूद हैं। उन्होंने भाजपा पर दोहरी राजनीति करने का आरोप भी लगाया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे, अतुल बाजपेयी, मनीष चंसोरिया, अमरीश मिश्रा, रितेश गुप्ता, सोनू कुकरेले, विजय जैन चुन्ना, रितेश अग्रवाल, सरबजीत सिंह रोल, अमर रजक, अभ्युत बाजपेयी, शिशांत सिंह ठाकुर, भावना निगम, आभा पटैल, कमलेश यादव कीर्ति ठाकुर, भानु यादव, दिलीप साहू, रज्जू सराफ, रितेश नोतनानी, कैलाश ठाकुर, पवन कनौजिया, बलवंत गूजर, भरत पटेल, समर्थ अवस्थी, आशुतोष वत्स, सिद्धांत जैन, रविन्द्र गौतम, आसिफ कुरैशी, जयंत मिश्रा, विक्रम ठाकुर, जय ठाकुर, इमरान हुसैन, असलम खान, अभिषेक पाठक आदि उपस्थित रहे।

रसल चौक बना छावनी, बैरिकेट्स लगाकर रोकी गई भीड़

प्रदेश में राजनीतिक तनाव का असर रविवार को जबलपुर में साफ देखने को मिला। भाजपा महिला मोर्चा जहां कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश कर रही थी, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता भी अपने कार्यालय में एकत्रित होकर प्रदर्शन की तैयारी में जुटे रहे। दोनों दलों के आमने-सामने आने की आशंका को देखते हुए पुलिस सुबह से ही अलर्ट मोड पर रही। रसल चौक, आसपास के चौराहों और कांग्रेस कार्यालय के सामने बैरिकेट्स लगाए गए और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

इंदौर में हुई थी हिंसक झड़प


गौरतलब है कि दिल्ली में आयोजित 'इंडिया एआई इंपैक्ट समिट' के दौरान कांग्रेस की युवा इकाई द्वारा किए गए प्रदर्शन के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया था। सबसे गंभीर स्थिति इंदौर में बनी, जहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं को रोकने के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर, बोतलें, टमाटर और संतरे फेंके। इस पथराव में ड्यूटी पर तैनात एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया, जिसके सीने में पत्थर लगा और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

Post a Comment

Previous Post Next Post