दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना खितौला पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डंपर चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चोरी की रेत से भरा डंपर भी जब्त किया है।
खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि झिंगरई की ओर से एक डंपर में अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने झिंगरई चौराहा पर दबिश दी।
कुछ देर बाद डंपर क्रमांक एमपी 20 जीए 2144 वहां से आता दिखाई दिया, जिसमें रेत लदी हुई थी। पुलिस ने डंपर को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम रामकृपाल बर्मन (40 वर्ष) निवासी ग्राम जुनवानी कला, थाना खितौला बताया।
जब चालक से रेत के संबंध में रॉयल्टी और दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि यह रेत उसने रंजीत पटेल निवासी ग्राम झिंगरई के कहने पर चोरी की खदान से भरकर झिंगरई गांव में बेचने के लिए ले जा रहा था।
पुलिस ने रंजीत पटेल (29 वर्ष) निवासी ग्राम झिंगरई को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। उसने स्वीकार किया कि वह चोरी की रेत अपने घर के पास स्टॉक कर रखता था और डंपर के माध्यम से ऑर्डर पर झिंगरई गांव में सप्लाई करता था।
पुलिस ने आरोपी रामकृपाल बर्मन के कब्जे से डंपर क्रमांक एमपी 20 जीए 2144 सहित लदी हुई रेत जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) बीएनएस, खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130/177(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
Tags
jabalpur
