दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सपनों में रंग तो आंखें नहीं मन भरता है। जब जज्बा और हौसला मजबूत हो तो हर कठिनाई छोटी हो जाती है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया जबलपुर की पूजा चौधरी और झांसी के सूरज चौधरी ने। दोनों बचपन से नेत्रहीन हैं, लेकिन अपनी जिंदगी को कभी बोझ नहीं बनने दिया। अब दोनों जीवनभर एक-दूसरे का सहारा बन गए हैं। गुरुवार को जबलपुर में दोनों का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ।
पूजा चौधरी (21) अपनी मां निर्मला चौधरी के साथ शांति नगर, राजीव गांधी वार्ड में रहती हैं। पूजा ने बीए तक पढ़ाई की है। पेशे से म्यूजिक टीचर सूरज चौधरी से उनका रिश्ता तय हुआ, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते विवाह कराना परिवार के लिए संभव नहीं था।
इस बीच समाजसेवियों ने जिम्मेदारी उठाई। वार्ड पार्षद मधुबाला राजपूत, सुनील सोनी, पवन गुप्ता, रवि संतोषी, दुर्गेश गुप्ता, गोपी खत्री सहित अन्य लोग आगे आए। उन्होंने विवाह की संपूर्ण व्यवस्था अपने हाथ में ले ली।
शांति नगर के बारातघर में शादी का आयोजन किया गया। घर-गृहस्थी का पूरा सामान, कपड़े, उपहार, बर्तन से लेकर फर्नीचर तक समाजसेवियों ने दिया। बारात द्वार पर पहुंची तो स्वागत, वंदन से लेकर पूरे पंगत में भोजन तक की व्यवस्था समाज ने खुद की।
सुबह से शुरू हुआ विवाह समारोह शाम तक पूजा की विदाई के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर के कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने पूजा और सूरज के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।