दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन के अवसर पर विशेष गिफ्ट देने की घोषणा की है। जबलपुर के बेलखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि योजना के तहत हर माह मिलने वाली ₹1250 की राशि के साथ आगामी माह में रक्षाबंधन के शगुन के रूप में अतिरिक्त ₹250 भी बहनों के खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे। यानी जुलाई में हर लाड़ली बहना को ₹1500 मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 1 करोड़ 27 लाख लाभार्थी बहनों के खातों में जून माह की ₹1551 करोड़ 44 लाख की किस्त सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की। यह लाड़ली बहना योजना की 25वीं किस्त है। साथ ही, सीएम ने पेंशनधारियों के खातों में भी 341 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि “भारत दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जहां 'भारत माता की जय' बोली जाती है। हमारे देश में मातृ शक्ति हजारों वर्षों से पूजनीय रही है। बहनों का आशीर्वाद जीवन को धन्य बना देता है।” उन्होंने कन्या पूजन कर मातृशक्ति को प्रणाम किया।
बेलखेड़ा को विकास की सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने यहां महाविद्यालय खोलने, राजस्व कार्यालय और ठहरने की व्यवस्था के लिए भवन निर्माण की घोषणा भी की। इस अवसर पर जबलपुर में ₹22 करोड़ 44 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया गया। इनमें ₹15 करोड़ 09 लाख के 5 निर्माण कार्यों का लोकार्पण और ₹7 करोड़ 43 लाख के 3 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन शामिल रहा। यह कार्यक्रम पहले 13 जून को प्रस्तावित था, लेकिन अहमदाबाद विमान हादसे के कारण स्थगित हो गया था।
इस भव्य आयोजन में जबलपुर सांसद आशीष दुबे, बरगी विधायक नीरज सिंह, कैंट विधायक अशोक रोहाणी, पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह, कलेक्टर दीपक सक्सेना, एसपी संपत उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।