दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम 27 मील टोल टेक्स के पास दो पक्षों के बीच रात्रि और सुबह के समय मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पहला पक्ष — पत्नी से बात करना बना विवाद की वजह
दिनेश कुचबंधिया (21 वर्ष) निवासी ग्राम 27 मील टोल टेक्स ने थाने में दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है और रात लगभग 11:30 बजे अपनी पत्नी से बातचीत कर रहा था। तभी गांव के करिया उर्फ अशोक कुचबंधिया, विनोद कुचबंधिया और राजकुमार कुचबंधिया वहां आए और गाली-गलौज करते हुए बोले कि हल्ला क्यों कर रहे हो। जब उसने जवाब दिया कि वह पत्नी से बात कर रहा है, तो विनोद और राजकुमार ने उसे पकड़ लिया और करिया उर्फ अशोक ने लाठी से उसके बाएं पैर पर वार कर घायल कर दिया। इसके बाद दोनों ने उसे हाथ-मुक्कों से पीटा।
आज सुबह लगभग 8:30 बजे फिर करिया उर्फ अशोक ने उस पर हमला कर कंधे में चोट पहुँचा दी।
दूसरा पक्ष — पुरानी रंजिश को लेकर किया हमला
दूसरी ओर, करिया उर्फ अशोक कुचबंधिया (34 वर्ष) ने अपनी शिकायत में कहा कि सुबह 8:30 बजे वह अपनी चाय दुकान के पास महुआ के पेड़ के नीचे उजियार चौधरी और एक अन्य व्यक्ति के साथ बैठा था, तभी दिनेश कुचबंधिया लाठी लेकर आया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए सिर पर वार कर घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। थाना कटंगी पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों के बयान एवं चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।