दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में देह व्यापार के गोरखधंधे में संलिप्त पाए जाने पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष और होटल अतिथि के संचालक अतुल चौरसिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। असम की एक 33 वर्षीय महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। महिला ने आरोप लगाया कि उसे होटल में बंधक बनाकर देह व्यापार में धकेला गया।
घटना सामने आने के बाद भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने अतुल चौरसिया को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। उन्होंने इस कृत्य को पार्टी की छवि को धूमिल करने वाला और गंभीर अनुशासनहीनता बताया।
क्या है मामला?
होटल अतिथि में वर्ष 2023 से चल रहे वेश्यावृत्ति के इस धंधे का भंडाफोड़ तब हुआ जब असम निवासी पीड़िता किसी तरह गढ़ा थाने पहुँची और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। महिला का आरोप है कि होटल संचालक अतुल चौरसिया और उसका साथी शीतल उसे लंबे समय से होटल के कमरे में बंद रखकर जबरन देह व्यापार करवा रहे थे। उन्हें विभिन्न ग्राहकों के पास भेजा जाता था और प्रति ग्राहक 2000 से 5000 रुपये तक वसूले जाते थे, लेकिन महिला को एक पैसा भी नहीं दिया जाता था।
राजनीतिक दबाव में थी पुलिस?
स्थानीय लोग और सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि यह धंधा 2023 से चल रहा था, लेकिन पुलिस को दो साल तक इसकी भनक क्यों नहीं लगी? क्या स्थानीय बीट प्रभारी, पेट्रोलिंग टीम और खुफिया तंत्र विफल रहे या फिर राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई नहीं की गई?
राजनीतिक संबंधों पर भी उठे सवाल
आरोपी अतुल चौरसिया के भाजपा के कई बड़े नेताओं, यहां तक कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ भी फोटो सोशल मीडिया पर उपलब्ध हैं। अब जब वह देह व्यापार जैसे संगीन अपराध में गिरफ्तार हो चुका है, तो ये तस्वीरें राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
उसके साथी शीतल की तलाश जारी
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही, उसके साथी शीतल की तलाश में एक पुलिस टीम डिंडोरी रवाना की गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी लड़कियाँ सामने आ सकती हैं, जिन्हें इस गिरोह ने शिकार बनाया था।