दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा क्षेत्र में भाजपा नेता अतुल चौरसिया के होटल में चल रहे एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस रैकेट में कोलकाता, असम, झारखंड और छत्तीसगढ़ से लड़कियों को बुलाकर नेताओं, अधिकारियों और रसूखदार लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस ने मामले में भाजपा नेता अतुल चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका मुख्य साथी शीतल दुबे फरार है।
पीड़िता ने खोली पोल, तीन साल से चल रहा था रैकेट
असम की रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसे नौकरी का झांसा देकर जबलपुर बुलाया गया और फिर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, होटल अतिथि में उसे रखा गया और यहीं से रसूखदार ग्राहकों के पास भेजा जाता था। लड़कियों को रोजाना अलग-अलग गाड़ियों से पहुंचाया जाता और सुबह बिना किसी रिकॉर्ड के वे गायब हो जाते थे।
मामले में दूसरा मुख्य आरोपी शीतल दुबे खुद को किन्नर बताता था और इसी पहचान के दम पर वह संदेह से बचा रहा। वह लड़कियों की व्यवस्था, ट्रेनिंग, सौदे और डिलीवरी तक का पूरा जिम्मा संभालता था। वह भाजपा नेता अतुल का बेहद करीबी और पूरे रैकेट का संचालनकर्ता था।
लड़की को 500-1000, ग्राहक से वसूले जाते थे 10 हजार
पीड़िता ने बताया कि ग्राहकों से एक बार के लिए 3 हजार से 10 हजार रुपए तक वसूले जाते थे, जबकि लड़कियों को महज 500 से 1000 रुपए दिए जाते थे। होटल स्टाफ, दलाल और संचालक मोटा मुनाफा कमाते थे। होटल में बिना लाइसेंस के शराब भी परोसी जाती थी।
पिटाई कर होटल से निकाला
18 मई को जब पीड़िता ने काम करने से इनकार किया तो शीतल और उसके साथियों ने उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा और बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह गढ़ा थाने पहुंची और पूरी जानकारी पुलिस को दी। पीड़िता का आरोप है कि वह 6 महीने से शिकायत कर रही थी, लेकिन भाजपा नेता की राजनीतिक पकड़ के चलते कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।
छापामारी में अतुल गिरफ्तार, भाजपा से निष्कासित
पुलिस ने छापेमारी कर भाजपा नेता अतुल चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। वहीं, शीतल दुबे की तलाश में टीमें नरसिंहपुर, डिंडौरी, मंडला और भोपाल भेजी गई हैं। भाजपा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतुल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।