Jabalpur News: खूनी नाले की समस्या पर सख्त हुए विधायक लखन घनघोरिया, जलप्लावन और अवैध अतिक्रमण पर नगर निगम को दिए कार्रवाई के निर्देश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रवींद्रनाथ टैगोर वार्ड की जलप्लावन समस्या और खूनी नाले के गंदे पानी से परेशान क्षेत्रीय जनता की आवाज अब बुलंद हो चुकी है। हर साल बारिश के मौसम में नाले का गंदा पानी घरों में भर जाता है, जिससे नागरिकों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान विधायक लखन घनघोरिया ने क्षेत्र का निरीक्षण कर नगर निगम अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि खूनी नाले के ऊपर एक स्कूल बना है, जहां पढ़ने वाले बच्चों का जीवन खतरे में है। यह स्थिति हर साल की बारिश में और अधिक खतरनाक हो जाती है।

जनता ने विधायक को यह भी बताया कि सुब्बाशाह मैदान से पंचकुइयां-हड्डी गोदाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर वक़्फ़ कमेटी द्वारा खंभे गाड़कर रास्ता बंद कर दिया गया है। इससे आमजन, एम्बुलेंस, फोर व्हीलर और पानी के टैंकरों का आवागमन बाधित हो रहा है। जनाजे निकालने में भी परेशानी हो रही है। विधायक ने इसे जनहित के खिलाफ और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना बताया।

निरीक्षण के दौरान विधायक घनघोरिया ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण, जिनमें तालीम का मरकज चलाने वाले भी शामिल हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

इस मौके पर नगर निगम के संभागीय अधिकारी महेंद्र उईके, पार्षद गुलाम हुसैन, पूर्व पार्षद आजम अली खान, जहूर खान, सिकंदर खान, तौफीक चंकी, एजाज़ अंसारी, हारून मंसूरी, इकराम, अराफात खान, समीर, महबूब भाई, अजहर, मुख्तार अली, फिज्जू खान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहे।

विधायक लखन घनघोरिया ने जनता को भरोसा दिलाया कि जलप्लावन की समस्या और अवैध अतिक्रमण का जल्द समाधान किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post