दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र अंतर्गत एक पिकअप वाहन जिसमें विवाह के बाद लड़की की बिदाई कराकर लौट रहे लोग सवार थे, जमगांव गांव के पास तेज गति के कारण पलट गया। इस हादसे में 31 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्राम अण्ढार निवासी सोमसिंह मरकाम की बेटी रजनी का विवाह मनेरी के पास ताकवेली गांव में हुआ था। विवाह के पश्चात बिदा कराने के लिए सोमसिंह ने गांववालों को साथ चलने के लिए आमंत्रित किया। सभी लोग ऑटो (पिकअप वाहन) क्रमांक MP 20 ZP 8154 में सवार होकर ग्राम अण्ढार से ताकवेली जा रहे थे।
वाहन में कुल 32 लोग सवार थे। दोपहर लगभग 2 बजे जैसे ही वाहन जमगांव गांव के पास पुलिया के नजदीक पहुंचा, चालक ने लापरवाहीपूर्वक तेज गति से वाहन चलाते हुए संतुलन खो दिया, जिससे पिकअप पलट गया।
हादसे में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में बचे एक व्यक्ति ने बताया कि उसे खुद बाएं गाल, कोहनी और एड़ी में चोटें आईं। अन्य घायलों में सोमवती, लक्ष्मी बाई, अमर सिंह, सम्पत सिंह, निरपत सिंह, जयंती बाई, छोटेलाल भवेदी, पुनिया बाई, गोलू मरकाम, सिंगरो बाई, सरिता बाई, पान बाई, नेहा मरकाम, मूलचंद मरावी, ललिता बाई, ज्योति भवेदी, कमला बाई, तुलसीराम, प्रियंका मरावी, नान बाई, कल्लू मरकाम, लाल मेन, दुजिया बाई, तितरा परस्ते, मैकी बाई, सुनीता बाई, माया मार्को, रामचरण मरकाम, राम बाई, नरमी मरावी, और मैकू मरकाम शामिल हैं।इनमें से कई लोगों को सिर, हाथ, कमर, पीठ, छाती और आंखों में गंभीर चोटें आईं हैं। कुछ लोगों को तो इतना खून बह गया कि उनकी हालत नाजुक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने 108 एंबुलेंस और 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस और मेडिकल सहायता बुलाई। थोड़ी ही देर में कई गांववाले भी मौके पर एकत्रित हो गए। भीड़ की मदद से घायलों को कुंडम के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने के बाद जब उन्हें यह पता चला कि वहां डॉक्टर मौजूद नहीं हैं, तो परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए चिकित्सा सुविधाओं की लचर व्यवस्था पर सवाल उठाए।
कुंडम पुलिस ने हादसे की सूचना मिलने पर मौके का निरीक्षण किया और पीड़ितों के बयान लिए। वाहन चालक की तलाश जारी है। घायल लोगों का इलाज कुंडम अस्पताल में चल रहा है और गंभीर मरीजों को जबलपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।एक पीड़ित ने बताया कि वह खेती किसानी का काम करता है और ग्राम अण्ढार का निवासी है। पिकअप वाहन में 32 लोग सवार थे और चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। सभी घायल व्यक्तियों का नाम और चोटों का विवरण भी पुलिस को दिया और उचित कार्रवाई की मांग की।