सतना, मध्यप्रदेश। जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत ओढ़की टोल प्लाजा पर बुधवार देर शाम एक सुनियोजित और हिंसक हमला सामने आया है, जिसने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 35 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश युवकों ने टोल प्लाजा को निशाना बनाते हुए कर्मचारियों पर बर्बर हमला किया और जमकर तोड़फोड़ की। पूरी घटना प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसे अब पुलिस जांच का अहम आधार माना जा रहा है।
टोल टैक्स पर हुई कहासुनी बनी बवाल की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत शाम करीब 5 बजे हुई जब एक कार सवार युवक टोल टैक्स दिए बिना आगे बढ़ना चाहता था। कर्मचारियों ने जब नियमानुसार टोल चुकाने की बात कही, तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। हालांकि तत्कालिक रूप से मामला शांत हो गया और वाहन चालक रसीद कटवाकर आगे बढ़ गया। लेकिन यह झड़प आगे चलकर एक सुनियोजित हमले में तब्दील हो गई।
बदले की नीयत से लौटे नकाबपोश
करीब एक घंटे बाद घटनास्थल पर 15 से अधिक बाइक पर सवार 35 से ज्यादा युवक पहुंचे, जिनके चेहरे नकाब से ढके हुए थे और अधिकतर बाइकों पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। आते ही उन्होंने टोल बूथ पर मौजूद कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। पहले से तैयार बदमाशों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से कर्मचारियों की पिटाई शुरू कर दी।
CCTV में कैद हुआ हर कदम
टोल प्लाजा पर लगे CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावरों ने किस तरह से संगठित तरीके से हमला किया। एक वीडियो में नकाबपोश युवक टोल बूथ के कांच तोड़ते और उपकरणों को नुकसान पहुंचाते दिख रहे हैं, वहीं दूसरी फुटेज में उन्हें कर्मचारियों को दौड़ाकर पीटते हुए देखा गया।