दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना पनागर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने बुधवार को गांधी वार्ड पनागर क्षेत्र से एक व्यक्ति को 1 किलो 390 ग्राम अवैध गांजा के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेन्द्र उर्फ पिट्टल रजक (40) निवासी ग्राम भरदा के रूप में हुई है।
पुलिस को देखकर भागा, घेराबंदी कर पकड़ा
थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर ने बताया कि क्राइम ब्रांच एवं थाना पनागर की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांधी वार्ड पनागर में एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेन्द्र उर्फ पिट्टल रजक पिता हेमराज रजक बताया।
झोले में मिला गांजा, बाजार मूल्य 28 हजार रुपए
पुलिस ने जब आरोपी के हाथ में पकड़े सफेद थैले की तलाशी ली, तो उसमें से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही तौल कराए जाने पर यह 1 किलो 390 ग्राम निकला, जिसकी कीमत करीब ₹28,000 आंकी गई है। तत्काल एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
सप्लाई चैन की हो रही जांच
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी ने यह गांजा कहां से और किससे खरीदा। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह इसे आगे किसे सप्लाई करने जा रहा था। आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल्स और पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।