मंडला, मध्यप्रदेश।भुआ बिछिया नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 13 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने बेहद कड़े मुकाबले में भाजपा को पराजित करते हुए सीट बरकरार रखी है। कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमारी अमर धुर्वे ने भाजपा की जानकी बाई को महज 11 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। इस परिणाम को कांग्रेस ने संगठन की जमीनी मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया है।
यह उपचुनाव कांग्रेस की वरिष्ठ पार्षद चित्रा धुर्वे के निधन के कारण कराया गया। चित्रा धुर्वे का देहांत 30 जनवरी को हुआ था, जिसके बाद वार्ड क्रमांक 5 की पार्षद रजनी मरावी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
कम अंतर, बड़ी जीत
एसडीएम सीएल वर्मा के अनुसार, 7 जुलाई को हुए मतदान में कुल 463 मतदाताओं ने मतदान किया। मतगणना 10 जुलाई को संपन्न हुई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी को 229 और भाजपा उम्मीदवार को 218 मत प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त 16 मतदाताओं ने नोटा (NOTA) का विकल्प चुना।
जीत के ऐलान के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने ढोल-ढमाके और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया।