ड्यूटी के दौरान सिपाही ने खुद को मारी गोली, आत्महत्या के पीछे पारिवारिक तनाव की आशंका

लव मैरिज के डेढ़ साल बाद रिश्तों में दरार, मानसिक दबाव बना वजह?

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में शुक्रवार तड़के पुलिस महकमे से एक दर्दनाक खबर सामने आई। द्वारिकापुरी थाना क्षेत्र स्थित आईडीए की दिग्विजय मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में तैनात 28 वर्षीय सिपाही अनुराग भागोर ने ड्यूटी के दौरान खुद को सरकारी हथियार से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना पुलिस बल के भीतर मानसिक तनाव और पारिवारिक उलझनों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अनुराग ने सुबह करीब 5 बजे आत्मघाती कदम उठाया। पास में ही ड्यूटी कर रहे सिपाही मोहित के मुताबिक, अनुराग देर रात से ही असामान्य व्यवहार कर रहा था और बार-बार आ रहे फोन कॉल्स को नजरअंदाज कर रहा था। घटना के बाद मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

लव मैरिज के बाद बढ़ा तनाव, पत्नी मायके में रह रही थी

पुलिस सूत्रों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अनुराग ने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था। लेकिन हाल के दिनों में वैवाहिक संबंधों में खटास आ गई थी। उसकी पत्नी रानू बीते एक सप्ताह से मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि पत्नी के भाई की करंट लगने से तबीयत बिगड़ गई थी, जिस कारण वह अस्पताल में थी। अनुराग ड्यूटी के दबाव के चलते न तो अस्पताल जा पा रहा था, न ही पत्नी से संवाद बना पा रहा था। इससे दोनों के बीच तनाव और अधिक गहराता गया।

दस साल से था सेवा में, परिवार में मंझला बेटा

अनुराग मूल रूप से अलीराजपुर जिले का निवासी था और पिछले करीब दस वर्षों से पुलिस विभाग में कार्यरत था। उसकी वर्तमान पोस्टिंग द्वारिकापुरी थाने में थी। इससे पहले वह सर्राफा थाने में तैनात रह चुका था। ट्रांसफर के बाद से उसकी ड्यूटी की शिफ्ट और जिम्मेदारियां काफी कठिन हो गई थीं।

परिवार में पिता वेटरिनरी विभाग से रिटायर्ड हैं। बड़ा भाई अविनाश और छोटा भाई देवेंद्र है। अनुराग तीन भाइयों में मंझला था।

घटनास्थल पुलिस विभाग को आवंटित फ्लैट, इलाके में पूर्व विवादित गतिविधियों का रिकॉर्ड

घटना स्थल, यानी आईडीए की दिग्विजय मल्टीस्टोरी बिल्डिंग को पुलिस विभाग के लिए आवंटित किया गया था। यह इलाका नशाखोरी और आपसी झगड़ों के लिए पहले से ही बदनाम रहा है, जिसके कारण यहां पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की जाती है। अनुराग भी इसी ड्यूटी पर वहां मौजूद था।

Post a Comment

Previous Post Next Post