Jabalpur News: पत्नी के कथित अवैध संबंध से परेशान युवक ने लगाई फांसी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर के रामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में युवक दीपक वर्मा ने वैवाहिक विवाद से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग जांच पूरी करने के बाद मृतक की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार दीपक वर्मा ने 7 जनवरी 2026 को अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी थी। जांच के दौरान परिजनों के बयान लिए गए, जिसमें उन्होंने बताया कि विवाह के बाद भी दीपक की पत्नी के अन्य पुरुष से संबंध थे। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। दीपक कई बार पत्नी को समझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन हालात नहीं बदले।

परिजनों का आरोप है कि पत्नी दीपक को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी और उससे कहती थी कि “जो करना है करो, जाकर मर जाओ।” इसी मानसिक दबाव के चलते दीपक ने आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस को मृतक की व्हाट्सएप चैट भी मिली है, जिसमें उसने लिखा था— “मुझे तुम्हारी वजह से मरना पड़ा, लेकिन मैं तुम्हारा नाम लिखकर नहीं जा रहा हूं।”

मामले में पुलिस ने पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस द्वारा उसकी तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post