Jabalpur News: आपसी विवाद के चलते फावड़ा और डंडों से हमला, 5 लोग घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना पनागर क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से दो को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घटना के संबंध में घायल श्रीमती अंजली चौधरी (22), निवासी कुशनेर ने पुलिस को बताया कि उसकी देवरानी पिंकी चौधरी को करीब दो वर्ष पूर्व भूरा चौधरी अपने साथ ले गया था। बाद में भूरा पिंकी को उसके मायके छोड़कर फरार हो गया था। तीन महीने बाद पिंकी के पति धर्मेंद्र चौधरी और देवर संजू उसे अपने घर ले आए। कुछ समय बाद भूरा भी गांव लौट आया और भोज का आयोजन किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।

बीती शाम लगभग 5 बजे जब अंजली, उसकी सास सुभद्रा और देवरानी पिंकी घर के सामने खड़े थे, तभी भूरा ने पैसे की मांग की। सास द्वारा इंकार करने पर भूरा, उसका भाई धनीराम और भांजा रज्जू गाली-गलौज करने लगे और हमला कर दिया। भूरा ने फावड़ा से पिंकी पर वार किया, जबकि धनीराम और रज्जू ने डंडों से अंजली, उसकी सास और अन्य लोगों को पीटा। बीच-बचाव करने आईं बित्ती और सगुनी को भी पीटा गया।

हमले में पांचों को हाथ-पैर, सिर व शरीर पर चोटें आईं। घायलों को शासकीय अस्पताल पनागर लाया गया, जहां से सुभद्रा बाई और पिंकी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

पुलिस ने आरोपियों भूरा चौधरी, धनीराम और रज्जू के खिलाफ धारा 296, 115(2), 119(1), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post