Jabalpur News: 4 साल पुरानी चोरी के विवाद में हुआ झगड़ा, चाकू- ब्लेड से हमला करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में बीते 4 साल पहले हुई चोरी के विवाद को लेकर युवक पर चाकू और ब्लेड से प्राणघातक हमला करने वाले फरार आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

टीआई गोहलपुर रीतेश पांडे ने बताया कि गुरुवार को गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल नीरज रजक (35), निवासी नर्मदा नगर गोहलपुर ने बताया कि वह धोबी का काम करता है। उसके घर के सामने भारत कोष्टा का मकान है, जहां करीब 4 साल पहले चोरी हुई थी। तब से भारत कोष्टा और उसका बेटा अमित अक्सर उस पर चोरी का आरोप लगाते थे।

घटना वाली रात नीरज घर लौट रहा था, तभी सड़क किनारे भारत कोष्टा और अमित कोष्टा मिले और फिर से चोरी की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर भारत ने चाकू और अमित ने ब्लेड से हमला कर उसके हाथ, पेट, सीना, गर्दन, गाल और कंधे पर गंभीर चोटें पहुंचाईं।

पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296, 109, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों भारत कोष्टा (50) और अमित कोष्टा (18), निवासी मालगुजार परिसर बस्ती नंबर-2 गोहलपुर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post