दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नवरात्रि पर्व पर संस्कारधानी जबलपुर में आस्था और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। जिले के 1800 पंडालों में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जहां आकर्षक सजावट और भव्य झांकियां भक्तों को अपनी ओर खींच रही हैं।
सिविल लाइन स्थित बाल दुर्गा उत्सव समिति ने इस बार कुछ खास किया है। यहां फ्लाईओवर ब्रिज की कलाकृति के बीच मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। झांकी की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसे देखने जबलपुर ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी भक्त पहुंच रहे हैं।
समिति अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर ब्रिज की झांकी तैयार करने में करीब डेढ़ माह का समय और 30 से अधिक कारीगरों की मेहनत लगी है। करीब 50 फीट ऊंचे फ्लाईओवर को हूबहू उतारा गया है। इसमें एक ओर से चढ़ाई और दूसरी ओर से उतरने का मार्ग बनाकर भक्तों को मां के दरबार तक पहुंचने की अनोखी व्यवस्था की गई है। जबलपुर का फ्लाईओवर अब पूरे देश में प्रसिद्ध हो चुका है, और इसी लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए इसे झांकी के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
Tags
jabalpur