दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना अधारताल क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। मोहल्ले के दो युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल को गंभीर हालत में विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक जयप्रकाश सिंह (35 वर्ष), निवासी नेता कॉलोनी, साहू किराना के पास फायनेंस कंपनी में नौकरी करता है। शनिवार सुबह करीब 10:50 बजे वह घर के पास स्थित सैलून में बाल कटवा रहा था। उसी दौरान उसका भतीजा नीलेश भी बाल कटवाने पहुंचा।
इसी बीच मोहल्ले के प्रिंस पटैल और क्रिश वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर नीलेश से विवाद करने लगे। देखते ही देखते गाली-गलौज करते हुए दोनों ने नीलेश को पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। जयप्रकाश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तभी प्रिंस ने चाकू निकालकर नीलेश के पेट में वार कर दिया। इसके बाद क्रिश ने भी चाकू से हमला किया, लेकिन नीलेश ने बचाव किया, जिससे उसकी दाहिनी हाथ की उंगली में गंभीर चोट आ गई।
हमले के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे देख आरोपी दोनों युवक फरार हो गए। घायल नीलेश को तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना अधारताल पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों प्रिंस पटैल और क्रिश के खिलाफ धारा 296, 109, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
