दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज में आज मंगलवार दोपहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और मध्य प्रदेश स्टूडेंट यूनियन (MPSU) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे। सदस्यता अभियान को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते-ही-देखते हिंसक झड़प में बदल गया था। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर लाठी-डंडे और बेसबॉल स्टिक चले। इस घटना में 5 छात्र घायल हुए हैं जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अब क्राइम ब्रांच ने देर रात MPSU अध्यक्ष अभिषेक पांडे और संगठन के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार कॉलेज में सदस्यता अभियान के दौरान दोनों संगठनों के बीच बहस हुई। आरोप है कि कुछ छात्र बेसबॉल स्टिक लेकर पहुंचे और हमला कर दिया। घायलों में ABVP के पृथ्वीराज सोनकर, राहुल ठाकुर और जाहिद खान, वहीं MPSU के यश और अदभुत दुबे शामिल हैं।
दोनों पक्षों के आरोप
ABVP के प्रदेश महामंत्री माखन शर्मा ने आरोप लगाया कि MPSU कार्यकर्ता कॉलेज में पढ़ाई करने आने वाले छात्रों को नशे का सामान सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छात्रों की जान से खिलवाड़ करने वालों को प्रदेश से हटाना होगा।
वहीं MPSU अध्यक्ष अभिषेक पांडे का कहना है कि ABVP कार्यकर्ता छात्रों पर दबाव बनाकर अपने संगठन में शामिल कर रहे थे। जब MPSU ने विरोध किया तो 50-60 लड़के आकर बेसबॉल से हमला करने लगे।
पुलिस की कार्रवाई
ओमती थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। घायलों के बयान लिए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।