दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना माढ़ोताल क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइक ने दो लोगों को घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए सुधा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल विजय सिंह (40) निवासी सिद्धि विनायक कॉलोनी मड़ई रांझी ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 4 बजे वह अपने साथी ब्रजेन्द्र सिंह के साथ मोटरसाइकिल से पाटन बायपास से कटंगी बायपास की ओर जा रहा था। बाइक विजय खुद चला रहा था।
इसी दौरान पाटन बायपास स्थित अंबुजा सीमेंट गोदाम के पास पीछे से आ रही बाइक (क्रमांक MP 20 JK 3782) के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में विजय सिंह और ब्रजेन्द्र सिंह दोनों सड़क पर गिर पड़े और उनके हाथ-पैर में चोटें आईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर धारा 281, 125(ए) बीएनएस के तहत जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur