दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 10 बजे कटनी से जबलपुर जा रही तेज रफ्तार बस (एमपी 49 पी 0251) बेकाबू होकर सड़क किनारे बने दुर्गा पंडाल में जा घुसी। हादसे में पंडाल में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी को पहले सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से 6 लोगों को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
घायलों में रोली सोनी, ममता कोल, खुशबू वंशकार, वंदना बर्मन, संध्या चौधरी, शिखा चौधरी, कैलाश चौधरी, मनीष दहिया, कोदू लाल बर्मन, सोहनलाल शामिल हैं और अन्य घायलों के नाम अभी सामने नहीं आ सके हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों के इलाज की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है।
इधर, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं। कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को समुचित उपचार सुनिश्चित करने और एसडीएम अनुराग सिंह को अस्पताल में रहकर घायलों की देखरेख करने के निर्देश दिए हैं।