MP News: युवती से बैड टच के आरोप के बाद युवक ने किया सुसाइड, भाई बोला- महिला के झूठे आरोपों से घबराया

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में 21 वर्षीय निखिल अग्रवाल ने सुसाइड कर लिया। घटना गुरुवार रात की है। निखिल का एक महिला से विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर उसकी बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई थी।

निखिल ऑटो चालक था और एक साल पहले लव मैरिज कर किराए के कमरे में रह रहा था। विवाद तब शुरू हुआ जब महिला ने निखिल की पत्नी से बहस के दौरान अपशब्द कहे। इससे नाराज होकर निखिल ने महिला और उसके पति के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने निखिल को हिरासत में लिया और कुछ घंटे बाद दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया। लेकिन थाने से लौटने के बाद महिला ने निखिल को बातचीत के लिए बुलाया। वहीं से लौटकर निखिल ने अपने कमरे में फांसी लगा ली।

निखिल ने सुसाइड से पहले अपने मकान मालिक से फोन पर बात करते हुए कहा था कि उसने महिला और उसके पति से मारपीट की है, लेकिन बेटी से छेड़छाड़ का आरोप झूठा है। कुछ देर बाद उसने जान दे दी।

अशोका गार्डन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post