दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) गांधीनगर। गुजरात में शुक्रवार को भूपेंद्र पटेल सरकार की नई कैबिनेट का शपथ ग्रहण हुआ। कुल 26 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, जिनमें 19 नए चेहरे हैं और 3 महिलाएं शामिल हैं।
सबसे पहले हर्ष संघवी ने शपथ ली, जिन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया है। पहले वे गृह मंत्री थे। इसके साथ ही क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भी मंत्री पद मिला है।
नई टीम में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का खास ध्यान रखा गया है।
पटेल समाज से मुख्यमंत्री समेत 8 मंत्री बनाए गए हैं।
OBC वर्ग से 8, SC से 3, ST से 4 और 3 महिलाएं शामिल की गई हैं।
इससे पहले गुरुवार को राज्य मंत्रिमंडल के 16 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था, जिससे नए चेहरों के लिए रास्ता खुल गया।
इस फेरबदल को 2027 विधानसभा चुनाव और आने वाले लोकल बॉडी चुनावों की तैयारी से जोड़ा जा रहा है।
फेरबदल की 5 बड़ी वजहें
1. स्ट्रेटेजिक रीसेट: पार्टी ने तीन साल में पूरी टीम बदल दी ताकि नई ऊर्जा के साथ सरकार आगे बढ़े।
2. कमजोर परफॉर्मेंस: कुछ मंत्रियों के कमजोर प्रदर्शन के चलते नए चेहरों को मौका दिया गया।
3. जातीय संतुलन: पटेल समुदाय और अन्य वर्गों को संतुलित प्रतिनिधित्व देने की कोशिश।
4. लोकल इलेक्शन की तैयारी: हालिया उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई।
5. ज्यादा नेताओं की हिस्सेदारी: संविधान के अनुसार 182 सदस्यीय विधानसभा में 26 मंत्री तक बनाए जा सकते हैं, इसलिए टीम का दायरा बढ़ाया गया।
भूपेंद्र पटेल का तीसरा मंत्रिमंडल
भूपेंद्र पटेल पहली बार सितंबर 2021 में सीएम बने थे, जब विजय रूपाणी को अचानक पद से हटाया गया था। दूसरी बार 12 दिसंबर 2022 को विधानसभा चुनाव के बाद उन्होंने शपथ ली थी। अब तीसरी बार उन्होंने अपनी नई कैबिनेट का गठन किया है, जिसमें संगठन और सामाजिक समीकरण दोनों को प्राथमिकता दी गई है।