दैनिक सांध्य बन्धु रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रानी तालाब क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर उसके पति ने चाकू से हमला कर दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसे अपने दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने उस पर चाकू से कई वार किए।
घटना के बाद घायल महिला को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि उसका पति पैसों के लालच में अपने दोस्तों को घर बुलाता था और उसे जबरन गलत संबंध बनाने को कहता था। जब महिला ने इस शर्मनाक हरकत का विरोध किया, तो आरोपी गुस्से में आगबबूला हो गया और मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।