दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) खगड़िया। विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आने वाला है। परबत्ता से जदयू विधायक डॉ. संजीव कुमार कल 3 अक्टूबर को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में शामिल होंगे।
इसकी पुष्टि RJD खगड़िया जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने की है। सदस्यता ग्रहण समारोह गोगरी स्थित भगवान उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित होगा, जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की उपस्थिति भी संभावित है। डॉ. संजीव अपने हजारों समर्थकों के साथ राजद की सदस्यता लेंगे।
डॉ. संजीव के इस कदम से परबत्ता और खगड़िया की राजनीति में बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। विश्लेषकों के अनुसार, उनका NDA से मोहभंग पहले से ही साफ दिखाई दे रहा था। हाल ही में वे 27 सितंबर को परबत्ता सम्मेलन और 25 सितंबर को सीएम नीतीश कुमार के कार्यक्रम से दूर रहे थे, जिससे संकेत मिलने लगे थे।
बेबाकी के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. संजीव कुमार ने कई बार सत्तारूढ़ गठबंधन पर ही सवाल उठाए। वे किसानों के मुद्दों, ज़मीन विवाद और निर्माण परियोजनाओं में गड़बड़ी जैसे मामलों पर खुलकर अपनी ही सरकार की आलोचना कर चुके हैं।
डॉ. संजीव, पूर्व मंत्री और पांच बार के विधायक डॉ. आरएन सिंह के पुत्र हैं, जिनकी पहचान जदयू के मजबूत स्तंभ के रूप में थी। उनका राजद में शामिल होना न केवल जदयू के लिए बड़ा झटका होगा बल्कि RJD के लिए खगड़िया और परबत्ता क्षेत्र में नई राजनीतिक संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
