दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विजय दशमी के अवसर पर जबलपुर पुलिस लाइन में परंपरागत शस्त्र पूजन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। इस मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पुलिस बल मौजूद रहा।
शस्त्रगार में एके-47, इंसास राइफल, पिस्तौल और रिवॉल्वर सहित सभी आधुनिक शस्त्रों को विशेष रूप से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा, हवन और आरती की गई। पूजन के बाद परंपरा अनुसार प्रतीकात्मक बलि दी गई और अधिकारियों ने हर्ष फायर किया। साथ ही, पुलिस अधिकारियों ने अपने सरकारी वाहनों का भी पूजन कर उन्हें तिलक लगाया।
कार्यक्रम में आईजी प्रमोद वर्मा, एसपी संपत उपाध्याय, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एडिशनल एसपी सहित पुलिस बल शामिल रहा।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि विजयदशमी पर शस्त्र पूजन हमारी समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि शास्त्र और शस्त्र एक-दूसरे के पूरक हैं शास्त्रों ने शस्त्र के निर्माण की प्रेरणा दी और शस्त्रों ने शास्त्रों की रक्षा की। यही कारण है कि ऋषि-मुनियों ने इनके पूजन की परंपरा का विस्तार से उल्लेख किया है।
एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि नवदुर्गा समारोह शांति और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ है। अब विसर्जन और चल समारोह का कार्यक्रम चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने आमजन से शांति बनाए रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।इस अवसर पर सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े, कैंट विधायक अशोक रोहाणी, उत्तर मध्य विधायक अभिलाष पांडे और महापौर जगत बहादुर सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

.jpeg)