दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थानांतर्गत शांतिनगर क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल अवस्था में पिता को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शांतिनगर में रहने वाले एक परिवार में पिछले कुछ समय से घरेलू कलह चल रही थी। देर रात विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और आरोपी बेटा सुशील उइके ने गुस्से में आकर अपने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पिता बुरी तरह घायल हो गए और खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से घायल को तुरंत सिविल अस्पताल जबलपुर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने घायल का इलाज शुरू कर दिया है।
सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। घायल की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुशील उइके के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें सक्रिय रूप से दबिश दे रही हैं।
Tags
jabalpur