दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दीपावली की खुशियों से पहले जबलपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। शुक्रवार की शाम पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम ग्वारी में 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से एक वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इनमें से दो की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है।
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ग्वारी गांव में खेत पर मक्का की कटाई का काम कर रहे मंडला जिले के मजदूर दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के राकेश सिंह ने श्रमिकों को घर भेजने के लिए एक मालवाहक वाहन की व्यवस्था की। वाहन का चालक ग्राम डूंडी निवासी रोशन था।
श्रमिकों का सामान वाहन के ऊपर रखा जा रहा था। उसी समय चालक रोशन भी ऊपर चढ़कर सामान व्यवस्थित कर रहा था कि तभी वाहन के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तेज धमाके के साथ करंट पूरे वाहन में फैल गया।
चालक की मौके पर मौत, महिलाएं भी झुलसीं
करंट लगने से चालक रोशन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में बैठे श्रमिकों में महिलाएं भी झुलस गईं। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस के जरिए पाटन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
गांव में फैली दहशत, जांच शुरू
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने किसी तरह झुलसे श्रमिकों को वाहन से बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पाटन अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है। कटंगी थाना पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय प्रशासन की लापरवाही पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बीचोंबीच से गुजर रही उच्च वोल्टेज लाइन लंबे समय से खतरा बनी हुई है, लेकिन बिजली विभाग ने अब तक इसे ऊंचा या सुरक्षित नहीं किया है। हादसे के बाद लोग बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर आक्रोशित हैं।