दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। दीपावली से ठीक पहले जब घरों में साफ-सफाई और तैयारियों के लिए सबसे ज्यादा पानी की जरूरत होती है, उसी समय जबलपुर शहर के एक बड़े हिस्से में पानी की किल्लत हो गई। शुक्रवार को परियट जलाशय से शहर की ओर आने वाली 52 इंच की मेन राइजिंग पाइप लाइन को अज्ञात शरारती तत्वों ने हथोड़े से तोड़ दिया, जिससे हजारों गैलन पानी बह गया और आधे शहर में जलापूर्ति ठप हो गई।
जानकारी मिलते ही एमआईसी सदस्य एवं जल प्रभारी दामोदर सोनी निगम की जल विभाग टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पाइप लाइन की मरम्मत शुरू करवाई। निगम की टीम पूरी रात पाइप को जोड़ने के काम में जुटी रही और शनिवार सुबह तक लाइन को ठीक कर लिया गया।
इस घटना के बाद खमरिया थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। निगम अधिकारियों का कहना है कि शनिवार शाम तक प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
प्रभावित क्षेत्र
परियट जलाशय की यह मेन राइजिंग लाइन नारायण धाम, उमरिया, खमरिया होते हुए रांझी जल शोधन संयंत्र तक जाती है। पाइपलाइन फूटने से निम्न क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच सका:
रांझी
रावण पार्क
संजय नगर
मुक्तिधाम
शोभापुर
कंचनपुर
शारदा नगर
राम नगर
बजरंग नगर
मढई
बिलपुरा
मानेगांव
आधारताल
निगम की अपील
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जल आपूर्ति बहाल होने तक पानी का संयमित उपयोग करें और किसी भी प्रकार की पाइपलाइन क्षति की जानकारी तुरंत निगम नियंत्रण कक्ष को दें। एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने कहा कुछ असामाजिक तत्वों ने त्योहार के समय शहर को परेशान करने की साजिश की है। दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।